पीड़ित ने मामले में कार्रवाई के लिए एसपी से लगाई फरियाद
एसपी के निर्देश पर झारखंड निवासी आरोपी पर दर्ज हुआ केस
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने लगभग पौने दो लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई के लिए एसपी से गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर झारखंड निवासी आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
एसपी को दिए अपने प्रार्थनापत्र में पीड़ित राजकुमार राय निवासी बड़गो थाना धनघटा ने बताया कि उनका पंजाब नेशनल बैंक शाखा सिकरीगंज जनपद गोरखपुर में खाता है। बैंक खाते से 13 नवंबर को 80 हजार और 14 नवंबर को 90 और चार हजार कुल एक लाख 74 हजार रुपये निकल गए। उनके पास न ही कोई ओटीपी, मैसेज और फोन काल आया। स्टेटमेंट निकालने पर पता चला कि मोबाइल धारक के खाते में यूपीआई खाता में गया है। इसके बाद दो अज्ञात नंबर से उनके पास फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि जाकर पुलिस को रिपोर्ट करो। इसके बाद तरह-तरह की धमकी दी।
पीड़ित ने एसपी से मामले में आरोपी के विरुद्ध केस दर्जकर कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही रुपये वापस कराने की मांग की।
धनघटा एसओ अनिल कुमार ने बताया कि मामले में अजय कुमार बावरी निवासी नियर जनता शिव मंदिर हुसैनाबाद, अमतला, धनबाद, झारखंड के विरुद्ध तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज करके अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।