तहसील प्रशासन ने सभी परिवारों को मकान में कराया दाखिल
अब तक निराश्रित रूप में दूसरे की भूमि पर करते थे निवास
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। नगर के सुहरहवा में स्थित चौदह निराश्रित परिवारों को तहसील प्रशासन ने मंगलवार को राजाबारी में बने प्रधानमंत्री आवास की नई काॅलोनी में शिफ्ट करते हुए मकानों की चाबी सौंपी। इससे पूर्व यह लोग दूसरे की भूमि में अपना ठिकाना बनाकर रहते थे।
मेंहदावल कस्बे के पक्का पोखरा के पास 14 परिवार पूर्व में झुग्गी-झोपड़ी डालकर निवास करते थे। इन परिवारों के पास जमीन नहीं थी। तहसील प्रशासन ने सभी 14 परिवारों को सरकारी जमीन का पट्टा किया। इसके बाद प्रधानमंत्री शहरी आवास इन्हें आवंटित किए गए। अब मकान, सड़क, बिजली, पानी की सुविधा उपलब्ध हुई तो एसडीएम अरुण कुमार, तहसीलदार आनंद कुमार ओझा ने मंगलवार को पहुंचकर सभी परिवारों को नए मकान में शिफ्ट कराया। अब इन्हें पक्के मकान में रहने की सुविधा मिल सकेगी।
पूरे दिन मेंहदावल में इन परिवारों को मकान में स्थानांतरित करने की कार्रवाई चलती रही। तहसीलदार आनंद कुमार ओझा ने कहा कि सभी परिवारों को पट्टे की जमीन उपलब्ध कराई गई थी। प्रधानमंत्री आवास बनाकर सभी परिवारों को उसमें दाखिल करा दिया गया है।