संतकबीरनगर। संयुक्त जिला अस्पताल में शुक्रवार को मरीजों की भीड़ बढ़ गई। ज्यादातर मरीज उल्टी दस्त, बुखार के रहे। ओपीडी में मरीजों की लाइन लगी रही। मरीजों के साथ आए लोगों के वाहनों को बेतरतीब खड़ा करने के चलते अस्पताल आने जाने वालों की भी समस्या बढ़ गई। मौसम के बदलते मिजाज से अस्पताल में मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो गया है। जहां एक सप्ताह पहले 1200 से 1300 मरीज ओपीडी में इलाज कराते थे वही शुक्रवार को यह संख्या 1600 के करीब रही। ज्यादातर मरीज उल्टी, दस्त, बुखार आदि मौसमी बीमारियों के रहे। ओपीडी में चिकित्सकों के कमरो के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। वहीं अस्पताल के मुख्य गेट पर दुपहिया वाहन लोगों ने बेतरतीब खड़ा कर दिया था। जिससे मरीजों और तीमरदारों के साथ एंबुलेंस को इमरजेंसी तक आने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इलाज के लिए धनघटा के राजकिशोर, जय करन, महुली के विजय आदि का कहना था कि अस्पताल के मुख्य गेट पर ही वाहन खड़े हो जा रहे हैं। इससे अस्पताल भवन तक आने में काफी दिक्कत हो रही है। लोगों ने अस्पताल परिसर में एक स्थाई स्टैंड बनवाने की मांग की ताकि लोग अपने वाहनो को स्टैंड में खड़ा कर सके। इस संबंध में सीएमएस डॉ, पकंज टंडन ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ी है। लोग अगर अपने वाहन खुद किनारे लगाएं तो समस्या अपने आप हल हो सकती है। परिसर में काफी जगह खाली है, जहां वाहन खड़ा कर सकते है।