संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के राउतपार चौराहे पर सोमवार को कुछ मनबढ़ों ने मामूली विवाद में एक टेंट व्यवसायी को मारपीट कर घायल कर दिया। भगठान गांव निवासी शैलेंद्र पुत्र संतलाल का आरोप है कि वह राउतपार चौराहे पर टेंट की दुकान चलाते है। वह अपनी दुकान पर मौजूद थे और राउतपार के बेलदारी टोला के रहने वाले दो युवक और दो अज्ञात युवक अचानक उसकी दुकान पर पहुंच गए। आरोप है कि लोगों ने अनायास उसे पहले गाली गलौज दिया और जब उसने विरोध किया तो लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। घटना देख कर आस-पास के तमाम लोग पहुंच गए और बीच बचाव करके उसकी जान बचाई। उसके बाद आरोपी भाग गए। पीड़ित ने मंगलवार को कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दो नामजद समेत चार लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।