यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई के विद्यालयों को यू डायस पर फीड करना था डाटा
जिले में बेसिक और माध्यमिक से 2360 विद्यालय हैं मान्यता प्राप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। यू डायट पोर्टल पर अपने विद्यालय से संबंधित सूचनाओं को फीड न करने वाले जिले के 1160 विद्यालयों की मान्यता रद्द हो सकती है। महानिदेशक स्कूली शिक्षा अभियान ने तीन दिनों का समय दिया है। उसके बाद मान्यता रद्द करने की कार्रवाई शुरू की जा सकती है। इससे विद्यालय संचालक परेशान हैं।
बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग से कुल 2360 विद्यालयों को जिले में मान्यता मिली हुई है। इसमें सीबीएसई, यूपी बोर्ड और आईसीएसई के विद्यालय शामिल हैं। इनमें 1247 परिषदीय, 69 सहायता प्राप्त, 15 मदरसा, सात कस्तूरबा विद्यालयों के साथ 1338 विद्यालय मान्यता प्राप्त है। इन विद्यालयों को यू डायस से अपना यूजर आईडी मिला हुआ है।
यू डायस पर अपने विद्यालयों से संबंधित जरूरी जानकारी विद्यालयों को 10 मार्च तक अपलोड करना था। इसमें विद्यालय भवन की स्थिति, कमरों की संख्या, पानी की व्यवस्था, छत या टिन शेड, साफ-सफाई की व्यवस्था के साथ ही शिक्षकों का पूरा रिकार्ड दर्ज करना था।
विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का पूरा रिकार्ड यू डायस पर अपलोड करना था। इसके लिए 10 मार्च तक का समय दिया गया था। इसके बावजूद 1160 विद्यालयों ने अपनी एक भी सूचना यू डायस पर दर्ज नहीं कराई। इस पर महानिदेशक स्कूल शिक्षा अभियान विजय किरण आनंद ने नाराजगी जताई है।
...
कोट
सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि तीन दिनों के अंदर अपने-अपने विद्यालय से संबंधित सूचनाएं यू डायस पर अपलोड कर दें। उसके बाद भी सूचना अपलोड नहीं करते हैं तो उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-अतुल कुमार तिवारी, बीएसए