मेंहदावल बाईपास पर बंद रहा रैनबसेरा।
- फोटो : amarujala
संतकबीरनगर। ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार की सुबह तेज हवा के साथ गलन बढ़ गई। इसके साथ ही आसमान में कोहरा भी छाया रहा। करीब 10 बजे दिन में तेज धूप निकली तो लोगों को गलन से राहत मिली। वही ठंड से बचाने के लिए बने नगर पालिका के रैन बसेरा में ताला लटका रहा। कोहरे का असर ट्रेन पर भी पड़ा है। कुछ ट्रेेने बिलंब से चल रही है। वाहनों के चालक कोहरे की वजह से लाइट जलाकर चलते देखे गए। वैसे तो नवंबर माह से ही ठंड तेज हो जाती है, पर नवंबर और दिसंबर माह में ठंड का असर कम रहा। दिसंबर माह में 15 दिन बीत जाने के बाद अचानक शुक्रवार की सुबह तेज हवा चलने लगी, जिससे गलन बढ़ गई। इससे लोगों को आने- जाने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ा है। ठंड का एहसास हुुआ तो लोग घरों में दुबक गए। सड़कों पर लोग कम संख्या में दिखे। गोलाबाजार के दुकानदार सीपी राय का कहना है कि दिसंबर माह में 15 दिन बीत चुका था, पर तेज ठंड नहीं पड़ी। जिससे गर्म कपड़ों का बाजार ठंडा रहा। शुक्रवार को मौसम में जैसा बदलाव आया है वैसे उम्मीद की जा रही है कि ठंड पड़ेगा और गर्म कपड़ों की बिक्री तेज होगी। शहर के मेंहदावल बाईपास और बंजरिया मोहल्ले में बना रैन बसेरा बदहाल स्थिति में है। रैन बसेरा में ताला लटक रहा है। इसको अभी तक सक्रिय नहीं किया जा सका है, जिससे बाहर से आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।