धनारी। दिल्ली में रंग डालने को लेकर हुई किशोर की हत्या के विरोध में कस्बा में युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर रोष व्यक्त किया और आरोपितों को फांसी देने की मांग उठाई। रविवार की शाम आसपास के कई गांवों के युवा धनारी स्थित डीपी विद्यापीठ के सामने एकत्रित हुए, जहां से हाथों में कैंडल और पोस्टर लेकर उन्होंने आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर पैदल मार्च निकाला।
पैदल मार्च के दौरान युवाओं ने नारेबाजी करते हुए घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। युवाओं ने मांग की, मामले के आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें कठोर सजा दी जाए। ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। इसके साथ ही मृतक की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। युवाओं ने लगभग एक किमी तक पैदल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया और लोगों से अपराध के खिलाफ एकजुट रहने की अपील की।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष धनारी भुवनेश राघव भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष वीरेश यादव, विपिन राघव, अनूप राघव, अरविंद यादव, टेकचंद आर्य, लोकेंद्र आर्य, छोटन आर्य, तोताराम आर्य, पिंकू आर्य, भुवनेश यादव, नेपाल यादव, सत्येंद्र यादव, लोकेश यादव, ओमप्रकाश राणा, योगेश यादव, राकेश यादव और अजीत यादव सहित कई युवा शामिल रहे।