संभल/गवां। ससुराल से लौटे युवक का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव को नीचे उतारा और आनन फानन में अंतिम संस्कार को लेकर चल दिए। शमशाम घाट में पहुंचते ही पुलिस पहुंच गई और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिससे मौत की हकीकत सामने आ सके। शुक्रवार की शाम पांच बजे करीब रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी बादशाह (26) पुत्र कालीचरन का शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटका हुआ मिला था। युवक साड़ी के फंदे के सहारे लटका हुआ था।ग्रामीणों ने शव देखा तो युवक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव घर ले गए। अंतिम संस्कार की तैयारी कर दी गई। शमशान पहुंचे तो पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने अंतिम संस्कार रूकवा कर पंचनामा भरा और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों में चर्चा है कि युवक अपनी ससुराल गया था। लौटने पर काफी परेशान था। ग्रामीणों का कहना है कि ससुराल में विवाद हो गया था। इसी बात से क्षुब्ध होकर जान दी है।