बबराला। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 35 वर्षीय युवक की देर रात ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मृतक के परिजनों के अनुसार, वह पैठ बाजार में सब्जी बेचकर देर रात घर लौट रहा था। रास्ते में जलभराव होने के कारण वह रेलवे ट्रैक से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रेन आ गई और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे में उसके दोनों पैर कट गए और मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान गांव फिरोजपुर निवासी गिरबर के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों 12 वर्षीय गुलाब सिंह, आठ वर्षीय कश्मीरी और पांच वर्षीय सुधा को छोड़ गया है।
हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। थानाध्यक्ष लवनीश चौधरी ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 1:15 बजे बबराला के पास रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।