मुरादाबाद। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से घायल हुए युवक जीशान की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मैनाठेर थाना क्षेत्र के आजम वाली मिलक निवासी फरमान ने पाकबड़ा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई जीशान (25) फैक्टरी में काम करता था। वह आठ अगस्त की शाम घर से बाइक पर दिल्ली के लिए निकला था। शाम करीब 4:30 बजे दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पाकबड़ा थाना क्षेत्र में लोधीपुर राजपूत के पास बाइक ने जीशान की बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में जीशान गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने जीशान को टीएमयू में भर्ती करा दिया था जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। सीओ हाईवे वरुण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कार चालक की तलाश की जा रही है।