जनेटा/चंदौसी। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव अफजलपुर डरौली के पास चार जनवरी की सुबह कार व बाइक की भिड़ंत हो गई थी। इसमें बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। जिसका उपचार मुरादाबाद के निजी अस्पताल में कराया जा रहा था। जिसमें एक घायल युवक ने रविवार की सुबह चार बजे उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
चार जनवरी की सुबह सात बजे थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव जनेटा निवासी उवैश (20) व इशत्याक बहजोई थाना क्षेत्र के गांव मझोला से बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। तभी आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर गांव अफजलपुर डरौली के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को बहजोई सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को मुरादाबाद रेफर कर दिया। परिजन दोनों घायलों को उपचार के लिए मुरादाबाद स्थित निजी अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान रविवार की सुबह चार बजे उवैश ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर परिजन बेहाल हो गए। उवैश महाराष्ट्र के पूना में रोडवेज डिपो पर ठेके पर मैकेनिक का कार्य करता था और जनेटा दरगाह शरीफ पर उर्स के दौरान घर आया था। युवक की मौत से मां मसरुल व अन्य परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।