संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फरपुर में बुधवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से घायल हुए बाइक सवार युवक की संभल के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी मिलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं जानकारी मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पवांसा निवासी हेमपाल सिंह राघव (47) वर्ष पुत्र रमेश सिंह राघव अपनी दो बेटियों रिया, सिया और बेटे भविष्य के साथ बाइक पर सवार होकर सरायतरीन दोस्त की शादी में शामिल होने आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गांव मुजफ्फरपुर के नजदीक पहुंची तो अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चारों लोग घायल हो गए। राहगीर उन्हें जिला अस्पताल ले गए। जहां हेमपाल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया था। परिजनों ने उन्हें संभल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां बृहस्पतिवार की रात साढ़े बारह बजे के करीब उनकी मौत हो गई। पत्नी रेखा और चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक के भाई चंद्रप्रताप सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।