बबराला। कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी दिनेश (20) की नोएडा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। देवेंद्र नोएडा के सेक्टर-127 में ठेकेदार के साथ रहकर अपने निजी ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी डालने का काम करते थे। रविवार को शव गांव लाया गया तो चीख-पुकार मच गई।
मृतक के फुफेरे भाई बबलू ने बताया कि दिनेश जनपद बदायूं के थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव जल्लूपुर निवासी ठेकेदार संजीव के पास रहकर अपने निजी ट्रैक्टर से चार साल से मिट्टी डालने का कार्य करता था। शनिवार को रोज की तरह वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी डालने के बाद वह कैंप पहुंच गया। उसके कुछ देर बाद वह कमरे में बेड पर मृत पड़ा मिला।
गमछे का आधा टुकड़ा कुंडे में बंधा था और आधा दिनेश के गले में कसा था। दिनेश की मौत की सूचना गांव में पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के फुफेरे भाई बबलू ने बताया कि नोएडा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था।
सोमवार को नोएडा पुलिस को तहरीर दी जाएगी। वहीं रविवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख पुकार मच गई। परिजनों ने राजघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक तीन भाइयों में मझला था और अविवाहित था। दिनेश की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।