जुनावई (संभल)। गुन्नौर थाना क्षेत्र के कस्बा मणिकावली में युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दिए बगैर ही युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।
कस्बा मणिकावली निवासी युवक विजय कुमार (40 वर्ष) निजी तौर पर विद्युत लाइन की मरम्मत का कार्य करता था। गुरुवार को गांव का ही एक युवक विजय कुमार को बिजली की लाइन सही कराने के लिए बुला ले गया। बिजली मिस्त्री शाम छह बजे लाइन को सही करने को खंभे पर चढ़ गया। हाईटेंशन तार को सही करते समय वह विद्युत करंट की चपेट में गया और नीचे आ गिरा। करंट से झुलसे युवक को बबराला स्थित प्राइवेट चिकित्सक के यहां उपचार के लिए ले जाया गया। गुरुवार की रात दस बजे युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।