संभल। असमोली थाना क्षेत्र में मनोटा-चौधरपुर मार्ग पर गांव चंदवार की मढ़ैया के पास तेज रफ्तार कार का पिछला पहिया निकल गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में गांव दारापुर उर्फ दुल्हापुर निवासी नवाजिश अली (22) की मौत हो गई। जबकि चार युवक घायल हो गए।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव दारापुर उर्फ दुल्हापुर निवासी नवाजिश अली शनिवार को पुरानी कार खरीदने के बाद दोस्त मुनाजिर (21), इमरान (23), आदिल (21) और गांव मनोटा निवासी सरफराज (22) को बैठाकर गांव शहबाजपुर कलां में रेस्टोरेंट पर पार्टी करने गए थे। पार्टी के बाद रात में करीब 11.30 बजे घर लौटने लगे। कार को नवाजिश चला रहा था। जैसे ही यह मनोटा-चौधरपुर मार्ग पर गांव चंदवार की मढ़ैया और सैदपुर इम्मा के बीच पहुंचे तो कार का पिछला पहिया निकल गया और कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में सभी लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे और घायलों को अस्पताल लेकर दौड़े। अमरोहा के निजी अस्पताल में नवाजिश की मौत हो गई। जबकि अन्य चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें से इमरान और आदिल की हालत गंभीर है। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव को सुपुर्दे-ए-खाक कर दिया है।
पांच दिन पहले आया था दिल्ली से
नवाजिश दिल्ली में रहकर सोफे बनाने का काम करता था। पांच दिन पहले ही दिल्ली से घर आया था। परिजनों ने बताया कि नवाजिश ने मनोटा निवासी एक व्यक्ति से कार खरीदी थी। कार खरीदने की खुशी में दोस्तों को पार्टी देने के लिए गया था और हादसे का शिकार हो गया। मृतक के बड़े भाई हाशिम ने बताया कि नवाजिश चार भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। परिवार की सारी जिम्मेदारी उठाता था। वहीं दूसरी ओर मां व अन्य परिजनों का रोरो कर बुरा हाल है।