चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गुलडेहरा रोड निवासी मोनू ठाकुर ( 30 ) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी है।
गुलडेहरा रोड निवासी मोनू ठाकुर गुमथल चौराहे पर ऑनलाइन पार्सल डिलीवरी एजेंसी में टीम लीडर के पद पर कार्य करता था। मृतक के भाई सोनू ने बताया कि मोनू शुक्रवार की सुबह 9 बजे घर से एजेंसी पर काम करने निकला था। साथी युवक विक्की और अभी ने बताया कि शुक्रवार की शाम चार बजे मोनू के मोबाइल पर किसी की कॉल आयी थी। इसके बाद वह एजेंसी से चला गया और रात साढ़े आठ बजे करीब कुछ युवक उसे बेहोशी की हालत में छोड़ गए।
मोनू के चेहरे पर चोट के निशान थे। आफिस के लोग उसे निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर होने पर वापस भेज दिया। सूचना पाकर परिजन भी निजी अस्पताल पहुंच गए और उसे उपचार के लिए मुरादाबाद ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाल अनुज कुमार तोमर ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिवार में चीख पुकार मची हुई है। परिजनों ने बताया कि मोनू की तीन वर्ष पहले शादी हुई थी। पति की मौत की सूचना पर पत्नी आरती सुधबुध खो बैठी है।