बहजोई (संभल)। पाठकपुर हाल्ट के पास बुधवार को ट्रेन की चपेट में आकर चांट के ठेले पर काम करने वाले कमल सैनी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। साथ ही युवक के परिजनों व पते की जानकारी जुटा रही है।
बुधवार को सुबह बहजोई-अलीगढ़ रेलमार्ग पर पाठकपुर हाल्ट पर ट्रेन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। स्टेशन अधीक्षक पीसी शर्मा ने बताया कि गेट मैन से मिली जानकारी के बाद हादसे की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। प्रभारी इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह पंवार ने बताया कि गांव पाठकपुर में जानकारी ली गई तो सामने आया कि करीब 40 वर्षीय मृतक का नाम कमल सैनी है। वह चांट के ठेले पर काम करता था। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से मृतक के पते समेत हादसे की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।