गुन्नौर। खेत जोतकर घर लौट रहे भोजपुर गांव निवासी त्रिभुवन (25) का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से उसकी मौत हो गई। परिजनों की मांग पर पुलिस ने शव पीएम के लिए भेजा है।
गुन्नौर के भोजपुर गांव निवासी त्रिभुवन बुधवार की दोपहर खेतों की जुताई करने गया था। शाम को लौटते वक्त गांव के समीप उसका ट्रैक्टर अचानक से अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। जिससे वह ट्रैक्टर के नीचे दब गया। मौके पर मौजूद लोग दौड़कर मदद के लिए पहुंचे। बमुश्किल उसे ट्रैक्टर के नीचे से निकाला। परिजन उसे गुन्नौर अस्पताल में उपचार के लिए लेकर गए। चिकित्सकों ने वहां उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन युवक का शव घर लेकर चले गए। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को हादसे की सूचना दी।
परिजनों ने मृतक का पीएम कराने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद पुलिस ने शव पीएम के लिए भेज दिया। त्रिभुवन की मौत से परिवार के लोग बेहद दुखी हैं। उसके दो छोटे बच्चे हैं। जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। प्रभारी निरीक्षक अतर सिंह ने बताया कि युवक की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो हुई है। बृहस्पतिवार की सुबह परिजनों ने हादसे की सूचना दी। इसके बाद पंचनामा भरका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।