धनारी (संभल)। घर में कहासुनी के बाद नाराज हुए युवक ने गढ़ी बिचौला गांव के बाहर पेड़ से लटक कर जान दे दी। ग्रामीणों ने युवक को लटके हुए देखा तो शोर मचाया और युवक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आननफानन पेड़ से नीचे उतारा और निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां मृत होने की पुष्टि हुई। इसकी जानकारी के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। सोमवार की रात आठ बजे करीब धनारी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति के 18 वर्षीय बेटे ने गांव के बाहर पेड़ से लटक कर जान दे दी। यह कदम युवक ने घर में हुई कहासुनी के बाद उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि रात को साढ़े आठ बजे करीब अचानक से चीखने की आवाज आई। जब पेड़ पर लोगों की नजर गई तो युवक अंगोछे के सहारे पेड़ से लटका हुआ था। पहचान होने पर युवक के परिजनों को सूचना दी। आननफानन नीचे उतारा और बहजोई के निजी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि युवक की परिवार में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी बात से क्षुब्ध होकर जान दे दी। बताया कि युवक की शादी 20 दिन पहले ही हुई है। युवक की पत्नी के हाथों से अभी मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा था कि वह विधवा हो गई। धनारी थाना प्रभारी का कहना है कि युवक की मौत की सूचना नहीं मिली है। जानकारी की जाएगी।