बहजोई (संभल)। संभल रोड बाईपास रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार की देर टेंपों की टक्कर से घायल हुए मोहल्ला बाग निवासी दानिश (20) ने उपचार के लिए मुरादाबाद ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बहजोई के मोहल्ला बाग निवासी शाहिद ने बताया कि बुधवार की रात उसका बेटा दानिश अपने दोस्त मोहल्ला गोलागंज निवासी शुभांकर व बहजोई देहात की मदइयां निवासी विशाल के साथ संभल रोड बाईपास रेलवे क्रासिंग के निकट सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार टेंपो ने तीनों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर उन्होंने दानिश को गंभीर हालत में निजी अस्पताल और शुभांकर व विशाल को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल से दानिश को रेफर कर दिया गया। इसके बाद दानिश को संभल ले गए। यहां से रेफर होने के बाद हायर सेंटर मुरादाबाद ले जाते समय सिरसी के निकट रात करीब साढ़े बारह बजे दानिश ने दम तोड़ दिया। सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
टेंपो पुलिस के कब्जे में है। चालक फरार है। फिलहाल तहरीर के आधार पर अज्ञात टेंपो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।ी