संभल। नखासा थाना क्षेत्र के सिरसी में बिलारी मार्ग पर बेकाबू कार ने बाइक सवार मेडिकल संचालक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायल को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। वहीं दूसरी ओर चालक कार छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है।
मंगलवार को रात आठ बजे करीब सिरसी के मोहल्ला सराय सादक निवासी मोहम्मद अली (30) पुत्र आशक अली को सिरसी में बिलारी मार्ग पर सामने से आई स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी। इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब युवक गांव हजरतनगर गढ़ी स्थित अपनी रिश्तेदारी से घर लौट रहा था। जैसे ही सिरसी के नजदीक पहुंचा तो सिरसी की ओर से जा रही कार ने टक्कर मार दी। राहगीरों ने एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजा जहां मृत घोषित कर दिया।
पीड़ित पिता ने बताया कि उनका बेटा सिरसी में मेडिकल स्टोर चलाता था। मंगलवार को रिश्तेदारी में गया था। लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। जिसमें जान चली गई। युवक की पत्नी जैनब व मां लतीफन का रोरो कर बुरा हाल है। युवक अपनी सात बहनों का इकलौता भाई था। मोहल्ले वालों ने बताया कि हादसे के समय युवक ने हेलमेट लगाया हुआ था लेकिन शरीर पर गंभीर चोटे आने के कारण मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। देर रात तक युवक के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका।