चंदौसी। गांव मझावली में एक ग्रामीण के मकान की दूसरी मंजिल पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो हड़कंप मच गया। पुलिस और युवक के परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए कहा तो पीड़ित परिजनों ने इनकार कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव पंचनामा भर सुपुर्द कर दिया। परिजन शव लेकर घर चले गए।
मंगलवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव मझावली में चंदौसी के मौलागढ़ निवासी 23 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। युवक पिछले तीन महीने से गांव मझावली निवासी एक ग्रामीण की आटा चक्की पर नौकरी कर रहा था। चक्की संचालक ने बताया कि सोमवार की रात युवक सोने के लिए गया था।
मंगलवार को जब देखा तो युवक कहीं दिखाई नहीं दिया। दूसरी मंजिल पर पहुंचे तो युवक छत के कुंडे में कपड़े के फंदे से लटका हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम करने के लिए भेजने को कहा तो युवक के परिजनों ने इनकार कर दिया। इसके बाद युवक का शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। युवक के पिता ने बताया कि उनका बेटा दिमागी रूप से परेशान था। इसकी दवाई भी चल रही थी। दिमागी परेशानी के चलते ही आत्महत्या की है।