एक रोमियो को शनिवार शाम भारी पड़ी। सहपाठी के घर से लौट रही छात्रा से छींटाकशी पर पहले तो उसने युवक को समझाया, मगर आरोपी नहीं माना। इस पर छात्रा ने हिम्मत जुटाई और मर्दानी बनकर आरोपी की सरेराह धुनाई कर दी। बाकायदा युवक को पकड़कर कोतवाली लाई और पुलिस को सौंप दिया।
नगर निवासी बी.कॉम प्रथम वर्ष की छात्रा अपनी सहपाठी के घर से शाम करीब छह बजे लौट रही थी। रास्ते में रिक्शे पर बैठा हुए युवक ने छात्रा को देखकर छींटाकशी करनी शुरू कर दी। छात्रा ने विरोध किया तो युवक उग्र हो गया। अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा। इस पर छात्रा ‘लेडी सिंघम’ बन बैठी।
सरेराह रोमियों की जमकर धुनाई की। करीब 10 मिनट की पिटाई के बाद उसे पकड़कर कोतवाली ले आई और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ कर रहे हैं।
मैं अपनी दोस्त से मिलकर वापस अपने घर लौट रही थी। रेलवे स्टेशन के निकट एक युवक ने छींटाकशी करनी शुरू कर दी। पहले तो मैंने ऐसा करने से मना किया। बाद में जब युवक ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया तो मुझे एंटी रोमियो अभियान से प्रेरणा मिली। फिर मैंने युवक को सबक सिखाने का निर्णय किया। पकड़कर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया।
-लेडी सिंघम, बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा।
छात्रा के साथ छींटाकशी करने वाले युवक को हिरासत में लिया गया है। छात्रा ने घटना की जानकारी दी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। उचित कार्रवाई की जा रही है। -सुरेंद्र सिंह यादव, प्रभारी निरीक्षक, चंदौसी।