संभल। यौमे आशूरा पर हजरत इमाम हुसैन और 72 साथियों की कर्बला में शहादत की याद में ताजियों के जुलूस निकाले गए। जुलूस में लोगों ने जगह-जगह लंगर भी किया। इस दौरान या हुसैन अलविदा की सदाएं भी गूंजतीं रहीं। सभी ताजिये अपने कदीमी रास्तों पर गश्त करते हुए कर्बला पहुंचे। वहां पर नम आंखों से ताजियों को सुपुर्देखाक किया गया। ताजियों के जुलूस में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी लगी। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से निगरानी कराई गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक संभल में डेरा डाले रहे। पल-पल संभल की संवेदनशीलता को देखते हुए ताजियों के निकलने की जानकारी लेते रहे।
संभल में दोपहर दो बजे के बाद निकाले गए ताजिये जुलूस में चंदौसी मार्ग स्थित नूरियोसराय के भी ताजिये बी शामिल हुए। इसके बाद चंदौसी चौराहे पर कई अन्य स्थानों के ताजिये भी इसमें शामिल हो गए। यह ताजिये अस्पताल चौराहे पर पहुंचे और यहां से ताजियों के मिलाप का सिलसिला शुरू हो गया। ताजियों का जुलूस एजेंटी तिराहा, आर्य समाज रोड होते हुए नखासा चौराहे की ओर पहुंचा । जहां पर मंडी किशनदास सराय, कागजी सराय, चौधरीसराय, नूरियो सराय, सैफ खां सराय, जगत मोहल्ला, कोट, बेगमसराय, डेरा सराय, नाला मोहल्ला, मियां सराय, फतेह उल्ला सराय आदि जगहों के छोटे-बड़े ताजियों का आपस में मिलन हुआ।
यहां से अकीदतमंद या हुसैन-या हुसैन की सदाएं बुलंद करते हुए ताजियों के साथ भारी तादाद में साथ संभल-हसनपुर मार्ग स्थित कर्बला पहुंचे। जहां ताजिये को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान जुलूस में लोगों ने जगह-जगह लंगर भी किया। घरों में भी लोगों ने फातिहा कराया। लोगों ने रोजा भी रखा है।
नखासा में ताजिये के जुलूस में पूर्व सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क, जियाउर्ररहमान बर्क ताजियेदारों से मिले। ताजियेदारों ने उन्हें पगड़ी बांधकर सम्मानित किया। इससे पहले स्टेट बैंक के निकट सपा विधायक इकबाल महमूद, सपा नेता सुहेल इकबाल, सईद अख्तर इसराईली, पालिकाध्यक्ष के पति हाजी मेंबर शकील को ताजियेदारों ने पगड़ी बांधकर सम्मानित किया। शहर संभल के 64 इमामबाडों से आए ताजिये जुलूस में शामिल रहे। हिसामपुर, पीपली रहमापुर, सलारपुर, सिरसी भारतल, फत्तेपुर देव, मन्नी खेड़ा, गोविंदपुर, मूसापुर, परियावली फत्तेपुर के ताजिये संभल आकर जुलूस में शामिल हुए।