चंदौसी। गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव सिमरई में अवैध शराब पीने और भांग की पकौड़ी खाने से पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत के मामले में
आरोपी निवर्तमान ग्राम प्रधान के पति और प्रधान पद के चुनाव की तैयारी कर रहे कल्याण सिंह को गिरफ्तार किया है। इन पर लोगों को शराब पिलाने का आरोप है। एसपी ने लापरवाही बरतने पर बैरपुर चौकी प्रभारी और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। गुन्नौर कोतवाल की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए उनके खिलाफ एएसपी को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव में पंचायत चुनाव के मद्देजनर 20 लीटर शराब की केन आई थी। महाशिवरात्रि से पहले से निवर्तमान ग्राम प्रधान के पति कल्याण सिंह द्वारा घर पर लगातार शराब पिलाई जा रही थी।
इस मामले में बैरपुर चौकी प्रभारी पंकज बालियान एवं दोनों बीट कांस्टेबलों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। न ही इस मामले में बीट सूचना अंकित कराई गई। लापरवाही बरतने पर एसपी चक्रेश मिश्र ने चौकी प्रभारी पंकज बालियान, बीट कांस्टेबल मदनपाल सिंह, गीतम चौधरी को निलंबित कर दिया। गुन्नौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए एएसपी को विभागीय जांच सौंपी है।
घटना के संबंध में पुलिस को सूचना न देने पर गांव के चौकीदार मदनलाल को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने बताया कि मृतक के परिवार की ओर से मिली तहरीर के आधार पर निवर्तमान ग्राम प्रधान पति कल्याण सिंह को गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गांव में शराब सप्लाई करने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं।
प्रधान पति की निशानदेही पर शराब बरामद
प्रधान पति की निशानदेही पर पुलिस ने शराब बरामद की है। पुलिस अधिकारी शराब बरामदगी की बात कह रहे हैं। सोमवार को पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक ग्राम प्रधान के घर पर ही केमिकल से शराब बनती थी। गुन्नौर के सीओ केके सरोज ने बताया कि प्रधान पति की निशानदेही पर कुछ शराब बरामद हुई है। कितनी और कैसी शराब है, इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी।
शराब की तलाश में रात भर मारे छापे-गुन्नौर कोतवाली के गांव सिमरई में तीन लोगों की मौत के बाद पुलिस ने शराब की तलाश में रात भर छापे मारे। पुलिस उन लोगों को भी तलाश कर रही है, जिनके जरिए शराब का बंदोबस्त किया गया था या शराब तैयार कराई गई थी। इस बीच अधिकांश पुरुष गांव से गायब हो गए हैं।