सौंधन। निजी नलकूप की लाइन डालते समय एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। जबकि तीन मजदूर झुलस गए। जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। यह हादसा अचानक बिजली सुचारु होने के चलते की हुआ है। इसमें बिजली विभाग के लाइनमैन की लापरवाही बताई जा रही है।
शनिवार की शाम करीब साढ़े छह बजे कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर में एक किसान के निजी नलकूप की नई लाइन डाली जा रही थी। यह कार्य गांव कमालपुर निवासी रिंकू (20) पुत्र प्रेमपाल, दानवीर पुत्र सरदार, रामकेश पुत्र रामकुंवर, रामदयाल पुत्र हरिओम कर रहे थे। इस दौरान गवां बिजलीघर से शटडाउन भी लिया हुआ था। लाइन डालते समय अचानक बिजली आपूर्ति सुचारु हो गई। इसमें सभी मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद सभी झुलसे मजदूरों को गवां के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां रिंकू पुत्र प्रेमपाल की मौत हो गई। इसकी जानकारी रिंकू के परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया।
पीड़ित पिता प्रेमपाल ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी करता था। इससे ही परिवार की गुजर हो रही थी। शनिवार को गांव कुदारसी निवासी किसान ने अपने निजी नलकूप पर लाइन खींचने और खंभे लगाने के लिए मजदूरी पर बुलाया था। लाइन खींचते समय मौके पर गवां बिजलीघर के दो लाइनमैन मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने बिजली आपूर्ति सुचारु करा दी। जिसमें उनके बेटे की मौत हो गई और अन्य मजदूर झुलस गए। पीड़ित पिता का कहना है कि इस हादसे में लाइनमैन की लापरवाही है। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
चार बजे करीब शटडाउन लिया गया था। इसके बाद शटडाउन वापस कर दिया था। इसी के चलते बिजली सुचारू की गई। हादसे की जानकारी मिली है। इसकी जानकारी आला अधिकारियों को दे दी गई है।
गौतम, अवर अभियंता, गवां बिजलीघर