बहजोई में डीएम दफ्तर पर धरना देते ग्राम्य विकास महापरिषद के पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
आजमगढ़ एडीएम पर कार्रवाई के लिए ग्राम्य विकास व विकास विभाग के अधिकारी व कर्मचारी कलक्ट्रेट पर गरजे। प्रदर्शन कर कार्य बहिष्कार किया। सीडीओ, डीडीओ समेत पीडी और जिले भर के बीडीओ ने अपनी मांगों को लेकर डीएम दफ्तर पर दरी बिछाकर धरना दिया।
गुरुवार को प्रादेशिक विकास सेवा संगठन व ग्राम्य विकास महापरिषद इकाई जिला संभल के तत्वावधान में सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने सीडीओ दफ्तर में बैठकर रणनीति तैयार की। 11 बजे करीब सीडीओ शंभूनाथ तिवारी के नेतृत्व में सभी पदाधिकारी व सदस्यों ने कलक्ट्रेट पर पहुंचकर डीएम आनंद कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। 29 मार्च को आजमगढ़ में एडीएम द्वारा बीडीओ संतोष नारायण गुप्ता के साथ अभद्रता-मारपीट की निंदा की गई। एडीएम के खिलाफ एफआइआर और निलंबन की कार्रवाई की मांग की।
दोपहर एक बजे करीब सभी पदाधिकारी डीएम दफ्तर के बाहर दरी बिछाकर बैठ गए। सीडीओ का कहना था कि यदि जल्द ही पूरे मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और भी उग्र होगा। इस बीच धरने पर संरक्षक डीडीओ अरविंद कुमार, पीडी हरेंद्र सिंह समेत संगठन के जिलाध्यक्ष बीडीओ विरेंद्र यादव, जिला महामंत्री रेनू कुमारी, राजेश उपाध्याय, जेपी गुप्ता, सुनील कुमार, राजेश चौधरी, हरीशंकर मौर्य, उमेश कुमार, सईद अब्बास जैदी, रोहित यादव, सुशील कुमार श्रीगोपाल वार्ष्णेय, अवधेश यादव व रोहित यादव एपीओ, टीए व रोजगार सेवक संगठन के पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।