संभल। शहर के चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का काम आखिरकार शुरू हो गया है। इस परियोजना के लिए शासन ने 62 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है, जिसका उद्देश्य जाम से निजात दिलाना और यातायात को सुगम बनाना है। पीडब्ल्यूडी इस कार्य को तेजी से पूरा कराएगा, जिसके बाद चौराहे पर पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सुनील प्रकाश ने बताया कि काम समय पर पूरा करने के लिए तेजी से कराया जाएगा। चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण की प्रक्रिया पिछले एक साल से चल रही थी, जो अब धरातल पर उतर पाई है। इस कार्य के लिए पीडब्ल्यूडी को 62 लाख रुपये मिल चुके हैं। पूर्व में रोडवेज बस अड्डा की तरफ मार्ग के किनारे नाले के ऊपर पुलिया बॉक्स का निर्माण किया गया था।
चौराहे से बिजली लाइन, खंभे और ट्रांसफार्मर हटाने के लिए बिजली विभाग को 15 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया गया था। बिजली विभाग ने इसी महीने 11 केवी की लाइन और खंभों को हटा दिया है, जबकि ट्रांसफार्मर पहले ही शिफ्ट कर दिया गया था।
एक्सईएन ने यह भी बताया कि अतिक्रमण की जद में आईं दुकानों के अगले हिस्से को दुकानदार स्वयं हटा रहे हैं। पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा लगाने और सुंदरीकरण के लिए शासन से करीब 22 लाख रुपये का बजट अलग से दिया गया है।
पुलिया बॉक्स के सामने की इंटरलाकिंग सड़क को हटाकर 13 मीटर लंबी डामर सड़क बनाई जाएगी। इस नई सड़क की चौड़ाई करीब एक मीटर रहेगी। चंदौसी मार्ग की तरफ 35 मीटर तक नाली का निर्माण किया जाएगा। नाली के दूसरी तरफ ढाई मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कर चौड़ीकरण किया जाएगा।
यातायात का दबाव होगा कम
सामने की तरफ 40 मीटर लंबाई की एक और सड़क बनाई जाएगी, जिसकी चौड़ाई करीब ढाई मीटर होगी। चौराहे के बीचो-बीच एक गोल चक्कर का भी निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से यातायात का दबाव कम होगा और आवागमन सुगम बनेगा। पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा की स्थापना से चौराहे का सुंदरीकरण भी होगा।