चंदौसी (संभल)। बदायूं रोड स्थित भैतरी रेलवे फाटक के पास महिला अपने तीन वर्षीय बच्चे के साथ ट्रैक पर लेट गई। जबकि उस समय रेबाड़ी से पैसेंजर ट्रेन बरेली जा रही थी। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच महिला व बच्चे को हटाया। इस दौरान काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। लोगों की सक्रियता के लिए बड़ा हादसा होने से बच गया। इसके बाद लोगों ने महिला को समझा-बुझा कर घर भेज दिया। महिला ने अपने बच्चे के साथ आत्महत्या करने का प्रयास क्यों किया यह जानकारी नहीं हो सकी।
रविवार की सुबह 8.15 बजे रेवाड़ी से चलकर बरेली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रेलवे जंक्शन से रवाना हुई। वहीं बदायूं रोड स्थित भैतरी पर फाटक पर एक महिला ने अपने तीन वर्षीय बच्चे के साथ रेलवे ट्रैक पर लेट गई। यह देख आसपास के लोग एकत्र होकर मौके पर पहुंचे और सामने से आ रही ट्रेन को देख महिला व बच्चे को आनन-फानन में हटाया। इसके बाद ट्रेन गुजर गई। महिला को बचाने के दौरान काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। लोगों ने महिला से आत्महत्या करने का कारण पूछा, मगर महिला ने किसी को कुछ नहीं बताया। इसके बाद लोगों ने महिला को समझा बुझाकर उसके घर भेज दिया। घटना की जानकारी जीआरपी व आरपीएफ को नहीं हो सकी।