संभल। सिरसी में संभल मुरादाबाद मार्ग पर सुबह 10.30 बजे करीब बाइक सवार दंपती को तेज रफ्तार ट्रक ने चपेट में ले लिया। महिला की मौत हो गई जबकि महिला का पति और दो बच्चे घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे महिला के परिजनों ने जाम लगाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए जाम लगाने नहीं दिया। सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी चालक ट्रक छोड़कर भागने का प्रयास कर रहा था। जिसको भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। शुक्रवार की सुबह 10.30 बजे करीब हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर मालनी निवासीसगीर अहमद अपनी पत्नी रहमत जहा और दो बच्चों के साथ अपनी ससुराल मुरादाबाद जिले के थाना कुंदरकी अंतर्गत गांव चक फाजलपुर जा रहे थे। जैसे ही सिरसी में भारतीय स्टेट बैंक के पास पहुंचे तो पीछे से आए ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। बाइक गिरते ही रहमत जहां (35) ट्रक के टायर के नीचे आ गईं और मौके पर ही मौत हो गई। जबकि महिला का पति सगीर, दो वर्षीय बेटा अरहान और चार वर्षीय बेटी गुलफ्शा घायल हो गए। हादसा देख मौके पर जमा हुई भीड़ ने आनन फानन में घायलों को निजी अस्पताल भर्ती कराया और हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पीड़ित परिजनों ने आक्रोश जाहिर करते हुए जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया तो जाम नहीं लगा सके। वहीं दूसरी ओर भीड़ ने आरोपी ट्रक चालक को भी पकड़ लिया और पुलिस के हवाले किए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हजरतनगर गढ़ी थाना इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।