गुन्नौर पुलिस ने बरामद किया सवा साल का अगवा बालक ।
- फोटो : अमर उजाला
अपना कोई बच्चा नहीं था, लेकिन बिहार राज्य की महिला को पड़ोसी के बच्चे से इतना स्नेह हो गया कि वह उसे उठाकर बिहार लेकर चली गई। सवा साल के बच्चे को न पाकर उसके माता पिता भी बेचैन हो उठे। महिला के साथ बच्चे को अगवा कर ले जाने का मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने सर्विलांस से पता लगाकर महिला को गिरफ्तार कर बच्चे को बरामद कर लिया है।
गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के नंदरौली गांव के नरेश कुमार ने कुछ माह पहले ही बिहार राज्य की महिला गुड़िया से शादी की थी। बताते हैं कि उसका अपना बच्चा तो नहीं था लेकिन उसे बच्चों से बेहद लगाव था। अपने इस लगाव के कारण ही वह अपने पड़ोसी भुवनेश के पंद्रह महीने के बच्चे को अपने घर ले आती थी। दिनभर खिलाती रहती थी, शाम को उसकी मां वापस ले जाती थी।
आरोप है कि 18 जून गुड़िया भुवनेश के बच्चे विशाल को लेकर चंपत हो गई। परिजनों को जानकारी हुई तो खलबली मच गई। पहले तो परिजनों ने बालक व महिला की खुद ही तलाश की लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो 21 जून को गुड़िया के खिलाफ गुन्नौर कोतवाली में बच्चे का अपहरण करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया।
महिला के मोबाइल फोन से पुलिस ने सर्विलांस सिस्टम से उसकी लोकेशन का पता लगाया। पहले तो महिला दिल्ली में रही लेकिन अगले दिन महिला की लोकेशन बिहार राज्य की बस्तर जिले में मिली। पुलिस बिहार पहुंची। पुलिस ने बालक को बरामद कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बालक को उसके माता पिता को सौंप दिया है।
बालक पूरी तरह स्वस्थ है। महिला ने बताया कि उसका इरादा बालक को नुकसान पहुंचाना कतई नहीं था। उसे बालक से लगाव अधिक हो गया था। जब बालक शाम को अपने घर चला जाता था तो वह काफी परेशान हो जाती थी। बालक हमेशा उसके साथ रहे यहीं सोचकर वह उसे लेकर चली गई।