चंदौसी। बकरी के लिए पेड़ से पत्ते तोड़ने के लिए उस पर चढ़ी महिला पेड़ के पास से निकल रही हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आ गई। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होने पर गांव के लोगों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आपूर्ति बंद करवाकर महिला का शव पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मूल रूप से कस्बा गुन्नौर के मोहल्ला टंकी की रहने वाली संतोष (38) पत्नी बृजेश पति से नाराजगी के चलते पिछले एक वर्ष से थाना कुढ़फतेहगढ़ के गांव सोतीपुरा में अपनी बहन रामबेटी पत्नी शेर सिंह के घर पर रह रही थी। वह शुक्रवार को दोपहर में अपनी बहन रामबेटी व गांव की महिला शांति के साथ जंगल में बकरी के लिए चारा लेने गई थी। संतोष बकरी के लिए गूलर के पेड़ पर चढ़कर उससे पत्ते तोड़ने लगी। उसकी बहन रामबेटी व दूसरी महिला कुछ आगे निकल गई। पेड़ के पास से हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी, जो उसे दिखाई नहीं दी और उसकी करंट की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई।
करंट लगने के कारण संतोष की चीख निकली तो आवाज सुनकर उसकी बहन रामबेटी वापस लौटी। पेड़ पर लटकी महिला को देख दोनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। किसी तरह से बिजली विभाग से कहकर आपूर्ति बंद कराई गई।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी भी मौके पर पहुंच गए। शव को पेड़ से उतारा गया और पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। मृतका अपने पीछे तीन बेटियों को रोता बिलखता छोड़ गई है।