संभल। विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नखासा थाना क्षेत्र के गांव चंदावली निवासी चंद्रबोस की पत्नी भूरिया (25) की सोमवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। असमोली के गांव मलकपुर नवादा निवासी मायके वाले सूचना पर पहुंचे तो दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को महिला के पिता विजय सिंह ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी चार वर्ष पूर्व की थी। शादी के बाद से ही पति और उसके परिजन दहेज में बाइक या एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। कई बार मारपीट की गई।
सोमवार की रात को भी दहेज की मांग की और विरोध करने पर गला दबाकर हत्या कर दी। शव कमरे में छोड़कर भाग गए। महिला की मौत की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अरूण कुमार सिंह भी पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर महिला के पति चंद्रबोस, ससुर ओमवीर, जेठ संतपाल, गुड्डू, सास अतर कली और नंद कविता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।