हनुमान रोड पर निजी हास्पिटल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक दंपती पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। महिला के पति ने चिकित्सक दंपती के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गणेश कॉलोनी निवासी रिंकू की पत्नी नीतू (23) के सीने में दाहिनी ओर गांठ थी। ऑपरेशन के लिए रिंकू ने अपनी पत्नी को हनुमानगढ़ी स्थित एक निजी अस्पताल में शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे भर्ती कराया था। इसके बाद चिकित्सक दंपती ने महिला की गांठ का ऑपरेशन किया और शाम सात बजे इंजेक्शन लगाया।
पति का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद शाम करीब सात बजे चिकित्सक ने उनकी पत्नी को इंजेक्शन लगाया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने शुरू हो गई। महिला की हालत बिगड़ती देख चिकित्सक ने एंबुलेंस बुलाकर रेफर कर दिया। परिजन महिला को लेकर मुरादाबाद स्थित अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सक ने महिला को देखते ही मृत घोषित कर दिया।
तीन घंटे पहले ही हो चुकी थी मौत
पति ने बताया कि मुरादाबाद के चिकित्सक ने बताया कि महिला की मौत तीन घंटे पहले हो चुकी है। इसके परिजन रात करीब 11 बजे महिला के शव को लेकर आरोपी चिकित्सक के अस्पताल पहुंचे और चिकित्सक दंपती पर ऑपरेशन व उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को किसी तरह शांत किया। महिला के पति रिंकू की ओर से चिकित्सक दंपती के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। चंदौसी के सीओ दिनेश कुमार ने बताया कि परिजनों ने महिला के उपचार में अस्पताल कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।