जुनावई। थाना क्षेत्र के खेरिया रुद्र गांव में सोमवार को कपड़े सुखाते समय लोहे के तार में बिजली का करंट उतरने से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के महिला के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बताया गया कि खेरिया रुद्र गांव निवासी डबलेश की पत्नी मीना देवी सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर के पास लगे लोहे के तार पर कपड़े सुखा रही थीं। इसी दौरान अचानक लोहे के तार में बिजली का करंट दौड़ गया और मीना देवी तार से चिपक गईं। महिला के चीखने की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद पति डबलेश और परिवार के अन्य लोग घबरा गए।
पति डबलेश ने बताया कि तुरंत लकड़ी की मदद से महिला को बिजली के तार से अलग किया, लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के संबंध में पुलिस कार्रवाई नहीं कराई गई और शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मीना देवी अपने पीछे दो बेटों गोलू (12) और अमित (10) समेत परिवार के अन्य सदस्यों को रोता-बिलखता छोड़ गईं। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। थानाध्यक्ष धीरज सिंह ने बताया कि करंट से महिला की मौत की कोई सूचना पुलिस को नहीं मिली है।