चंदौसी (संभल)। बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव अफजलपुर डरौली के पास रेल लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। मौके पर पहुंची बनियाठेर पुलिस व जीआरपी ने जानकारी की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव अफजलपुर डरौली निवासी फरजाना 40 वर्ष पत्नी मेहंदी हसन को पिछले दो दिन से बुखार आ रहा है। बुधवार की दोपहर साढ़े तीन बजे महिला मझावली चौराहा स्थित चिकित्सक से दवा लेने जा रही थी। जब महिला अलीगढ़-चंदौसी रेलवे ट्रैक पार कर रही थी, तो अलीगढ़ दिशा से आ रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे महिला की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद जीआरपी व बनियाठेर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। महिला के पति मेहंदी हसन ने बताया कि वह राजमिस्त्री का कार्य करता है। पिछले दो दिन से उसकी पत्नी को बुखार आ रहा है। बुधवार की दोपहर वह दवा लेने जा रही थी, तभी ट्रेन की चपेट में आ गई। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला अपने पीछे छह बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गई है।