सिरसी (संभल)। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चर्चा है कि मायके वाले जब गांव पहुंचे तो उन्होंने विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया। हालांकि इस मामले में अभी तहरीर नहीं दी गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। असमोली थाना क्षेत्र के गांव मवई ठकुरान गांव निवासी बंसीलाल की पुत्री सुमन कुमारी (40) का विवाह 12 साल पहले हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव बैटला निवासी नेकपाल के साथ हुआ था। बताया गया है कि सोमवार की रात सुमन कुमारी की तबियत बिगड़ गई। जिस पर परिजन निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। जिस पर परिजन महिला का शव घर ले आए। महिला की मौत की सूचना मायके वालों को हुई, तो उन्होंने हजरत नगर गढ़ी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। मायके वाले और पुलिस मौके पर पहुंचे। जिस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के चार बच्चे हैं। सबसे बड़ा एक लड़का और तीन लड़कियां हैं। मृतक का पति नेकपाल ईंट भट्टे पर मुंशी है। जबकि गांव वालों ने बताया कि मृतक महिला गांव में ही बीसी सखी का कार्य करती थी। हजरतनगर गढ़ी थाना प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।