जुनावई। थाना क्षेत्र के एक गांव में 19 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। मायके पक्ष की मांग पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम से मौके के नमूने भी लिए गए हैं।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के सराय कस्बा निवासी युनूस ने अपनी बेटी फरहीन की शादी एक वर्ष पूर्व जुनावई थाना क्षेत्र के पतरिया गांव निवासी शमशुल के साथ की थी। शुक्रवार दोपहर फरहीन ने घर में फंदा लगा लिया। परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर मायके पक्ष के लोग पहुंचे। मृतका के ताऊ इदरीश ने पोस्टमार्टम की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। नायब तहसीलदार उदयवीर सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।