गुन्नौर(संभल)। पुरुषों को वीडियो कॉल कर अश्लील हरकत कर वीडियो बनाकर धमकाकर रुपये ऐंठने वाली गांव पतरिया निवासी मंजू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।जुनावई थाना क्षेत्र के गांव पतरिया निवासी मंजू ने पांव सितंबर को कोतवाली में तहरीर देकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। महिला का आरोप था गुन्नौर से दवा लेकर लौटते समय गांव के तीन लोग उसे कार में बैठाकर ले गए और रास्ते में सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की तो चौकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस ने नामजद आरोपी युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि महिला उनसे वीडियो कॉल पर बातचीत करती थी। साथ ही वीडियो कॉल पर अश्लील हरकतें करते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर लेती थी और बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उन पर रुपये देने का दबाव बनाती थी, जब उन्होंने रुपये देने से इन्कार किया तो उनके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। मामले की सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने महिला के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करने पर अभियोग पंजीकृत किया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रधान ने बताया कि महिला मंजू को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
-
रजपुरा के व्यक्ति की शिकायत पर भी पकड़े गए थे पांच लोग
फर्जी लोन एप से डाटा चोरी कर आपत्तिजनक फोटो के माध्यम से लोगों को ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का मंगलवार को ही थाना रजपुरा पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर भंडाफोड़ किया था, जबकि गिरोह का सरगना मोनू यादव उर्फ सोनू यादव निवासी इंद्रा कालोनी चंदौसी फरार चल रहा है। पुलिस के अनुसार इस गिरोह के सदस्य फ्लैश वॉलेट एप के विज्ञापन से आसान तरीके से लोन देने का झांसा देता है। जब कोई इस एप के माध्यम से लोन के लिए आवेदन करता है तो गैलरी और कॉन्टेक्ट की अनुमति मांगता है। जब आवेदन अनुमति देता है गैलरी व कॉन्टेक्ट का डाटा चोरी कर लिया जाता है। इसके बाद आपत्तिजनक फोटो के माध्यम से ब्लैकमेल कर वसूली की जाती है।