संभल। चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। अब रोडवेज की तरफ नाले के ऊपर पुलिया बॉक्स बनाने के लिए लिंटर डाला गया है। यह कार्य पूरा होने पर दूसरी तरफ काम होना है।
शासन ने चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण को लेकर 62 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है। चौड़ीकरण के लिए पीडब्ल्यूडी काम करा रहा है। इसके लिए पूर्व में मुरादाबाद मार्ग की तरफ नाले के ऊपर पुलिया बॉक्स बनाया गया था। जिसके बाद रोडवेज बस अड्डे की तरफ पुलिया बॉक्स बनाने की तैयारी की गई। मंगलवार को निर्माण कार्य में जुटे लोगों ने पुलिया बॉक्स का लिंटर डाल दिया।
एक्सईएन पीडब्ल्यूडी सुनील प्रकाश का कहना है कि यह कार्य पूरा होने पर दूसरी तरफ काम कराएंगे। बता दें कि सामने की तरफ इंटरलॉकिंग सड़क को हटाकर डामर सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क की चौड़ाई एक मीटर रहेगी और यह कार्य 35 मीटर लंबा होगा। चौराहे से चंदौसी मार्ग की तरफ 35 मीटर तक नाली बनेगी। नाली के दूसरी तरफ ढाई मीटर सड़क का निर्माण होगा। सामने की तरफ 40 मीटर लंबाई की सड़क तैयार की जाएगी। इस सड़क की चौड़ाई ढाई मीटर होगी। चौराहे के बीचोबीच गोल चक्कर भी बनाया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी द्वारा बिजली लाइन, ट्रांसफार्मर और पोल शिफ्टिंग के लिए बिजली निगम को जुलाई में 10.80 लाख रुपये और नवंबर में 4.56 लाख रुपये का बजट भी दिया गया है। चौराहे के चौड़ीकरण से जाम से निजात मिलेगी और आवागमन भी सुचारू होगा।