जुनावई (संभल)। क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक प्रेमिका से शादी करने से मुकर गया। जिस पर रविवार को युवती थाने पहुंच गई और प्रेमी के खिलाफ तहरीर दी। युवती ने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले बंगाली युवक काफी समय से गांव में रहने वाली समाज की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। शुक्रवार को युवती प्रेमी युवक के घर पहुंच गई और शादी करने की जिद करते हुए हंगामा किया। जिस पर युवक घर छोड़कर भाग गया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो समाज के लोगों की पंचायत बैठी और प्रेमी युगल की शादी कराने पर सहमति बनी। पंचातय के फैसले के बाद भी रविवार को युवक जब वापस नहीं आया तो युवती और उसके परिजन फिर से थाने पहुंच गए। कहा कि युवक के परिजनों ने पंचायत में शादी करने पर सहमति जताई थी लेकिन युवक घर लौटा नहीं है। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि युवती ने तहरीर दी है। दोनों पक्षों को सोमवार को थाने बुलाया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।