सरायतरीन (संभल)। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बहरौली ताहरपुर में रास्ते के विवाद के चलते पांच सगे भाई गांव छोड़ दिया है। अब वह परिवार के साथ रिश्तेदारी में रह रहे हैं। गांव में उनके घरों पर ताले लटके हैं। इन पांचों भाइयों का कहना है कि उनकी शिकायत पर पुलिस सुनवाई नहीं कर रही, बल्कि दूसरे पक्ष की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गांव बहरौली ताहरपुर के निवासी चंद्रवीर ने बताया कि घर के बराबर में ही परिवार के लोगों से प्लॉट खरीदा था और रास्ता भी दिया था। गांव के ही लोगों ने रास्ते को बंद कर दिया है। अब आए दिन विवाद हो रहा है। कई बार मारपीट हो चुकी है। इसकी शिकायत पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारियों से भी की जा चुकी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। बल्कि दूसरे पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दानवीर, नरेश, चंद्रवीर और भतीजे प्रवीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया और शांतिभंग में भी चालान किया है। इसलिए सोमवार की देर रात ही कैंटर से पशु, घरेलू सामान, बच्चे और महिलाओं के साथ गांव छोड़ दिया है।