संभल। दहेज में कार और पांच लाख रुपये नहीं मिलने पर पति व ससुरालियों ने महिला को प्रताड़ित किया और जहर देकर हत्या कर दी। आरोप है कि जहर देने से पहले आरोपी पति ने तीन तलाक भी दिया था। महिला के भाई की तहरीर के आधार पर पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस को दी तहरीर में मुरादाबाद के पाकबड़ा निवासी मोहम्मद ताबिल ने बताया कि पांच वर्ष पहले गांव सुनवारी निवासी नाजिम के साथ बहन अलीशा (25) की शादी की थी। शादी के समय उपहार में काफी सामान दिया था। शादी के बाद से ही पति व ससुराली दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। कई बार मारपीट कर घर से भी निकाला गया। आरोप है कि 24 अप्रैल की सुबह पति ने पहले तीन तलाक दिया और बाद में परिजनों की मदद से जहर दे दिया।
सूचना पर पहुंचे तो गंभीर हालत में मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। पीड़ित ने बताया कि पोस्टमार्टम पाकबड़ा थाना पुलिस द्वारा कराया गया है। नखासा थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर नाजिम, रियासत, मकसूद, अनजुम परवीन और अनवर अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।