संभल के तुर्तीपुर इल्हा में जलभराव बढ़ने के बाद पानी से होकर गुजरते लोग।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा के लोगों में जलभराव को लेकर आक्रोश पनप गया। नगर पालिका के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर समाधान की मांग उठाई। लोगों का कहना है पिछले आठ दिनों से काफी परेशान हैं। गंदा पानी घरों में घुस रहा है। घर की आवश्यक सामग्री लेने के लिए पानी से होकर जाना पड़ रहा है। कोई सुनवाई करने को तैयार नहीं। कहा कि सीवर लाइन का कार्य काफी समय पहले शुरू कराया लेकिन अब तक एक भी बूंद पानी कम नहीं हुआ। बरसात के बाद यह जलभराव बढ़ गया है जिससे परेशानी होने लगी।
शनिवार को दोपहर तुर्तीपुर इल्हा के लोगों में आक्रोश पनप गया जब जलभराव उनके घरों के अंदर बढ़ने लगा। महिला और पुरुष एकत्र हो गए। नगर पालिका के प्रति रोष जताया। विरोध प्रदर्शन कर समाधान की मांग की। दरअसल इस मोहल्ले में काफी समय से जलभराव के हालात हैं। यह हालात उस समय ज्यादा खराब हो जाते हैं जब बारिश हो जाती है और जलभराव उनके घरों के भीतर होने लगता है। ऐसे में मकान गिरने का खतरा रहता है और जहरीले कीड़े भी आने की संभावना बनती है। इस समस्या के निदान के लिए इन लोगों ने कई बार आवाज उठाई पर सुनवाई नहीं हुई।
नगर पालिका ने दो वर्ष पहले सीवर लाइन का कार्य शुरू कराया लेकिन वह भी अधर में पड़ा है। डेढ़ करोड़ रुपये नगर पालिका ने खर्च कर दिए हैं पर जलभराव से निजात नहीं दिला सके। अब ऐसे में सवाल उठता है कि जब शासन का दिया धन इतना लगा दिया गया और लोगों की समस्या जस की तस बनी हुई है तो आखिर निजात कैसे मिलेगी। तुर्तीपुर इल्हा के लोगों ने भी यही सवाल उठाए हैं।