संभल के मोहल्ला हौज भदेसराय में हुआ जलभराव। संवाद
संभल। रविवार को देररात से शुरू हुई बारिश सोमवार को शाम तक होती रही। बारिश से लोगों को राहत तो मिली लेकिन आफत ज्यादा रही। कई क्षेत्रों में जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश होने को लेकर धान और गन्ना की फसल को नुकसान की आशंका को लेकर किसानों में मायूसी का माहौल बन गया।
संभल में रविवार को देररात से ही मौसम का मिजाज बदल गया और बारिश शुरू हो गई। सोमवार को सुबह जब लोग उठे तो बारिश हो रही थी। नौकरीपेशा लोगों ने तैयार होने के बाद कामकाज वाले स्थानों का रुख किया। बच्चों और युवाओं ने बारिश में नहाकर आनंद लिया। समय बढ़ा लेकिन बारिश नहीं रुकी।
जिला अस्पताल परिसर में बारिश का पानी भर गया। मरीजों और तीमारदारों को दुश्वारियों से जूझना पड़ा। रोडवेज बस अड्डा परिसर में जलभराव होने से यात्रियों को परेशानी हुई। मोहल्ला दीपा सराय, बल्ले की पुलिया मार्ग, खग्गू सराय रोड, भूरे शाह रोड, तुर्तीपुर इल्हा, हौज भदेसराय, आर्य समाज रोड पर जलभराव होने की वजह से लोग परेशान दिखे। हयातनगर में उम्मेदराय इंटर कॉलेज के पीछे और शाहजीपुरा मार्ग पर भी जलभराव हुआ। आलम यह रहा कि शाम तक रिमझिम बारिश होती रही।