चंदौसी। विकास के वादों का सच जानने के लिए की जा रही पड़ताल में अन्य की तरह वार्ड 23 भी अफसरों की वादाखिलाफी का शिकार मिला। सड़कों पर इतने गड्ढे हैं कि चलना मुश्किल हो गया है। नालियां टूटी होने के कारण पानी सड़कों पर बह रहा है। मौर्य बस्ती में जलभराव है। लटके बिजली के तार खतरा बने हैं। हालात ऐसे हैं कि वार्ड के कई हिस्सों में रहना मुश्किल होने लगा है।
वार्ड 23 में लक्ष्मणगंज (बारिशनगर), पजाया और मौर्य बस्ती आदि मोहल्ले शामिल हैं। वार्ड का कोई मोहल्ला ऐसा नहीं है, जहां सड़कें उखड़ीं न हों। मौर्य बस्ती में मुख्य सड़क पर जलभराव के कारण लोगों का रोजमर्रा का आवागमन प्रभावित हो रहा है। गड्ढों और जलभराव के कारण वाहन चालक खतरे में रहते हैं। वार्ड के अधिकांश मोहल्लों में पुलिया और नालियों के किनारे टूटे पड़े हैं।
नालियां गंदगी और कीचड़ से भरी हुई हैं, जिससे बदबू फैल रही है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ गई हैं। अबुल कलाम आजाद स्कूल और मौर्य बस्ती में ज्यादातर स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, जबकि कई गलियों में बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लीकेज ठीक करने के बाद गड्ढों को केवल खानापूर्ति कर छोड़ दिया गया है। इससे स्थानीय निवासियों में पालिका के खिलाफ रोष है।
....................
नालियों के किनारे कई जगह से टूट चुके हैंं। नालियां गंदगी से भरी हुई हैं, जिससे बदबू फैलती है। पुलिया भी टूटी पड़ी है, जिससे छोटे बच्चे और बुजुर्गों का निकलना खतरे भरा हो गया है।
हाजी गुलाम, स्थानीय निवासी
................
सड़कें इतनी जर्जर हो चुकी हैं कि पैदल चलना या वाहन चलाना दोनों ही मुश्किल हो गया है। खासकर बारिश के समय तो हालात और भी बदतर हो जाते हैं। गड्ढों में पानी भर जाता है और वाहन फंसने या दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
दानिश, स्थानीय निवासी
................
नालियों में गंदा पानी और कीचड़ भरा रहता है, जिससे बदबू फैलती है। बारिश में पानी गली में जमा हो जाता है, पैदल चलना और बच्चों का खेलना भी मुश्किल हो जाता है।
बॉबी, स्थानीय निवासी
....................
वार्ड 23 अति पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग का क्षेत्र है। यहां सड़कों का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। मोहल्ले की कई गलियों में बिजली के तार झूल रहे हैं और कुछ बिजली पोल गिरने की कगार पर हैं। कभी भी कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। पालिकाध्यक्ष और ईओ द्वारा वार्ड की 50 गलियों की सड़कें, 35 स्ट्रीट लाइटें और पांच इंडिया मार्का हैंडपंपों का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। जल्द ही इन विकास कार्यों की शुरुआत होने की उम्मीद है।
जिवरान अली, सभासद प्रतिनिधि
........................
वार्ड में विकास कार्यों के लिए सभासद की ओर से प्रस्ताव मिले हैं। कार्य योजना तैयार की जा रही है। जल्द ही धनराशि आवंटित होने पर विकास कार्य शुरू कार्य किए जाएंगे।
धर्मराज राम, ईओ