बनियाठेर। थाना क्षेत्र की कस्बा चौकी नरौली के मोहल्ला मकुपुरा में पुराने मकान को तोड़ते समय दीवार ढह गई। हादसे में दीवार के नीचे दबने से युवती की मौत हो गई। दो अन्य घायलों का नरौली सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
कस्बा चौकी नरौली के मोहल्ला मकुपुरा निवासी मोहित शर्मा को सरकारी आवास आवंटित हुआ है। इसके चलते वह गुरुवार की सुबह 11 बजे अपना पुराना आवास तोड़ रहा था। घर पर मोहित शर्मा के फूफा धर्मपाल शर्मा, थाना क्षेत्र के गांव बेहटा साहू निवासी नवाब मिस्त्री, मोहित की बेटी तनु (18) भी थी। इस दौरान अचानक कमरे का छज्जा टूटकर तनु के ऊपर गिर गया। इसके बाद दीवार भी भरभराकर गिर पड़ी।
युवती दीवार के नीचे दब गई और दीवार के ऊपर खड़े धर्मपाल व मिस्त्री नवाब भी नीचे गिर गए। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। आनन फानन मलबा हटाकर तनु को दीवार के नीचे से निकाला गया।
तीनों घायलों को उपचार के लिए नरौली सीएचसी ले गए। वहां चिकित्सकों ने तनु को हायर सेंटर सेपुर कर दिया। उपचार के लिए मुरादाबाद ले जाते समय रास्ते में ही तनु की मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के ही शमा को युवती का अंतिम संस्कार कर दिया। दोनों घायलों को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।