धनारी/बुलंदशहर। रोजी-रोटी कमाने के लिए दिल्ली जा रहे एक नवविवाहित दंपती की यात्रा शुक्रवार रात हमेशा के लिए खत्म हो गई। बुलंदशहर जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र में गांव चित्सौन के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार को दोनों के शव गांव पहुंचे तो पूरा गांव गम में डूब गया।
धनारी पट्टी लाल सिंह निवासी असलम (24) दिल्ली में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। मृतक के चाचा गुलाम ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब सात बजे असलम अपनी पत्नी हिना (22) और छोटे भाई राजू (22) के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर दिल्ली के लिए निकला था। रात करीब दस बजे गांव चित्सौन के पास सामने से आ रही रोडवेज बस उनकी खुशियां छीन ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कई मीटर दूर जा गिरी। असलम और हिना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि राजू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। सलेमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाने के साथ दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस को भी कब्जे में ले लिया, हालांकि चालक मौके से भाग गया।
अभी इस मामले में कोई तहरीर थाना पुलिस को नहीं दी गई है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब असलम और हिना के शव गांव पहुंचे तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मां-बाप अपने जवान बेटे और बहू का चेहरा देखकर बेसुध हो गए। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था।
तीन साल पहले हुई थी शादी
असलम और हिना की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। असलम चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। अब घर का सहारा हमेशा के लिए छिन गया है। हादसे में घायल राजू असलम का सगा भाई है। उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिवार के लोग एक साथ दो मौतों के दुख और राजू की हालत देख टूट चुके हैं।
दो माह बाद होनी थी बहन की शादी
गुलाम मोहम्मद ने बताया कि असलम ने बहन चांदनी का रिश्ता गांव सैदवा जनपद संभल में तय कर दिया था। दो माह बाद बहन चांदनी की शादी होनी थी। घर पर शादी की तैयारी चल रही थी। असलम बहन की शादी धूमधाम के साथ करना चाहते थे। इसको लेकर वह दिन रात मेहनत कर रहे थे। हादसे में अचानक मौत से बहन की शादी कैसे होगी, इसको लेकर भी परिवार के लोगों में चिंता है।
-
पोस्टमार्टम के बाद दंपती के शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। रोडवेज बस को कब्जे में लेते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
शोभित कुमार, सीओ खुर्जा, बुलंदशहर