बनियाठेर। क्षेत्र के गुमथल गांव में लंबे समय से कई हैंडपंप खराब पड़े होने से ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बाद भी हैंडपंपों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। सोमवार को ग्रामीण खराब हैंडपंपों के पास एकत्र हुए और प्रदर्शन कर जल्द मरम्मत कराने की मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
गुमथल गांव में लंबे समय से कई हैंडपंप खराब पड़े होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। समस्या का लंबे समय तक समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को खराब हैंडपंप के पास एकत्र होकर प्रदर्शन किया और जल्द मरम्मत कराने की मांग उठाई।
ग्रामीण राकेश कुमार दिवाकर ने बताया कि मां चामुंडा देवी मंदिर, श्मशान घाट, कर्मशाला और दिवाकर समाज चौराहे पर लगे चार से पांच हैंडपंप कई महीनों से खराब पड़े हैं। लोगों को दूसरे मोहल्लों में जाकर पानी भरना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हैंडपंप खराब होने की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में भी पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। प्रदर्शन में राकेश कुमार दिवाकर, बंटी दिवाकर, सुनील कुमार दिवाकर, शिवम कुमार, इसरार अहमद, अजीत कुमार, हरपाल सिंह, राजपाल सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।