संभल। पवांसा में प्रथमा सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के बाहर नए आधार कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन करने की एवज में रुपये लेने के विरोध में ग्रामीणों ने हंगामा किया। आधार कार्ड बनवाने पहुंचे लोगों ने हंगामे के बाद विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पुलिस पहुंची। हंगामा काटने वालों को समझा बुझाकर शांत कराया।
मंगलवार को पवांसा स्थित प्रथमा सर्व यूपी ग्रामीण बैंक शाखा में नए आधार कार्ड बनाने और उसमें संशोधन किए जाने का कार्य किया जा रहा था। इस दौरान कुछ लोग ऐसे पहुंचे जिन्होंने आधार कार्ड बनाने की एवज में रुपये लेने का विरोध करते हुए हंगामा किया और विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि आधार कार्ड बनाने के नाम पर कई सौ रुपये लिए जा रहे हैं। संशोधन में भी तय धनराशि से अधिक रुपये लिए जा रहे हैं।
विरोध करने पर शांत करा दिया जाता है और काम न करने की धमकियां दी जाती हैं। हंगामा होने की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी के प्रभारी विजय गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हंगामा काटने वाले ग्रामीणों को शांत कराया। जबकि मौके से आधार कार्ड बनाने के काम में लगे युवक भाग गए। पुलिस ने लोगों को कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
आधार कार्ड न बनने की जानकारी तो मिली थी। जिस पर शाखा प्रबंधक से जानकारी की गई और उसके बाद आधार कार्ड बनने का काम शुरू हो गया। लेकिन इस कार्य में अवैध रूप से रुपये लिए जाने की कोई जानकारी नही है। यदि ऐसा है तो इसकी जांच कराई जाएगी। जो भी आरोपी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी संभल।